04 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बिलासपुर पुलिस ने गुंडा एवं निगरानी बदमाशों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान 146 बदमाशों की सघन चेकिंग की गई, जबकि 34 निगरानी बदमाशों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों की गहन समीक्षा की गई।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत निगरानी सूची में दर्ज बदमाशों को थानों में तलब कर उनकी वर्तमान गतिविधियों, आवागमन, संपर्कों और आय के स्रोतों की बारीकी से जांच की गई।
पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया कि संबंधित बदमाश न्यायालय में समय पर पेश हो रहे हैं या नहीं, तथा उनके विरुद्ध कोई वारंट लंबित तो नहीं है।

अभियान के दौरान 15 मामलों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126, 129 एवं 135 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, वहीं 3 वारंट तामील किए गए।
पुलिस ने सभी बदमाशों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि वे भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर उनकी जमानत निरस्त कराने के लिए न्यायालय में प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया जाएगा।
चेकिंग के दौरान अनुपस्थित पाए गए बदमाशों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी। संदिग्ध प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
✍️ प्रधान संपादक – सीजी क्राइम रिपोर्टर