03 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/मस्तूरी
बिलासपुर। जिले के मस्तुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गतौरा स्थित धान खरीदी केंद्र में बड़े पैमाने पर हेर-फेर और गबन का मामला सामने आया है। बिलासपुर पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेवा सहकारी समिति मर्यादित गतौरा के धान खरीदी केंद्र में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान धान खरीदी में अनियमितता की शिकायत पर जांच की गई। संयुक्त जांच दल द्वारा भौतिक सत्यापन में 919.96 क्विंटल धान कम पाया गया। इस गड़बड़ी से शासन को कुल 28 लाख 51 हजार रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।

मामले में संस्था प्रबंधक कोमल प्रसाद चंद्रकार, प्राधिकृत अध्यक्ष राजेंद्र राठौर, धान खरीदी प्रभारी लव कुमार यादव और कंप्यूटर ऑपरेटर हुलेश्वर धीरही की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोमल प्रसाद चंद्रकार (46 वर्ष), राजेंद्र राठौर (64 वर्ष) और हुलेश्वर धीरही (38 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी की भूमिका की जांच जारी है।
थाना मस्तुरी में अपराध क्रमांक 213/2025 के तहत धारा 316(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गबन करना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर 3 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
