31 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/मस्तूरी
थाना मस्तूरी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे मिली अज्ञात युवती की लाश के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतिका एक नाबालिग अपहृता है, जिसकी गुमशुदगी/अपहरण की रिपोर्ट पहले से थाना खैरागढ़ में दर्ज थी।
जानकारी के अनुसार, 29 मार्च 2026 को एक रेलवे गार्ड ने थाना मस्तूरी पहुंचकर सूचना दी थी कि ग्राम किसान परसदा के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात लड़की का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग क्रमांक 23/26 कायम कर जांच शुरू की।

अज्ञात मृतिका की पहचान के लिए पुलिस लगातार सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों का सहारा ले रही थी। इसी दौरान 30 मार्च की देर रात थाना खैरागढ़ से संपर्क हुआ, जहां अपराध क्रमांक 133/26 धारा 137(2) BNS के तहत एक नाबालिग अपहरण का मामला दर्ज था। दोनों मामलों में हुलिया मिलने पर संदेह गहराया।
आज 31 मार्च को ग्राम चिचोला, ठेलकाडीह से मृतिका के परिजन थाना मस्तूरी पहुंचे और शव की पहचान की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जो अंतिम संस्कार के लिए अपने गृह ग्राम रवाना हो गए।
फिलहाल पूरे मामले में आगे की कार्रवाई थाना खैरागढ़ पुलिस द्वारा की जा रही है।
मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।
