31 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/मस्तुरी/मल्हार
चौकी मल्हार अंतर्गत एक राहगीर से मारपीट कर लूटपाट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 1400 रुपये नगद राशि और वारदात में प्रयुक्त बेल्ट भी जब्त कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रामप्यारे राय (62 वर्ष) निवासी चौहा, चौकी मल्हार, थाना मस्तुरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 मार्च 2026 की रात लगभग 11:50 बजे वह डगनिया से शादी कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान चकरबेढ़ा और डगनिया के बीच रोशन भंडारी, सुमित टंडन उर्फ बिट्टू, सुमित दिनकर उर्फ सोमू एवं मंजेश खूंटे ने उन्हें रोक लिया।

आरोपियों ने प्रार्थी से पैसे की मांग करते हुए अश्लील गालियां दीं और बेल्ट व हाथ-मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की। जब पैसे नहीं मिले तो आरोपियों ने उनकी कमीज की जेब से 1400 रुपये लूट लिए और उन्हें घायल अवस्था में मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
घायल अवस्था में प्रार्थी पूरी रात वहीं पड़े रहे। सुबह करीब 6 बजे चकरबेढ़ा गांव के रेशम एवं अन्य लोगों ने उन्हें उठाकर घर पहुंचाया, जिसके बाद परिजनों के साथ उन्होंने चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी के निर्देशन में टीम गठित की गई। चौकी प्रभारी अवधेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर ग्राम चकरबेढ़ा से सभी आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी सुमित दिनकर से लूटी गई नगदी 1400 रुपये तथा आरोपी मंजेश खूंटे से घटना में प्रयुक्त बेल्ट बरामद किया।
पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
