30 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिले में बर्ड फ्लू के अलर्ट के बीच प्रशासन की सख्ती और सतर्कता का असर दिखाई दे रहा है। रेलवे परिसर में दिल्ली से आई मुर्गी चूजों की खेप को लेकर फैली आशंकाओं के बीच राहत भरी खबर सामने आई है—जांच में किसी भी प्रकार का संक्रमण नहीं पाया गया है।
ज्ञात हो कि 24 मार्च को शासकीय कुक्कुट फार्म कोनी में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी के तहत रैपिड रिस्पांस टीम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मुर्गी एवं उससे संबंधित सामग्री की लगातार जांच की जा रही है।
इसी दौरान कुछ स्थानीय मीडिया में “रेलवे परिसर में दिल्ली से आई चूजों की खेप” को लेकर खबरें सामने आईं, जिस पर प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया। कलेक्टर के निर्देश पर पशु चिकित्सा विभाग ने रेलवे अधिकारियों से संपर्क कर पूरी जानकारी जुटाई।
रेलवे मंडल वाणिज्य प्रबंधक के 30 मार्च 2026 के पत्र के अनुसार, गाड़ी क्रमांक 12442 राजधानी एक्सप्रेस के माध्यम से कुल 17 डिब्बों में चूजे बिलासपुर लाए गए थे। इन चूजों को यहां से श्री आकाश नायक द्वारा प्राप्त कर जिला रायगढ़ भेजा गया।
प्रशासन द्वारा संबंधित व्यक्ति से की गई चर्चा में यह स्पष्ट हुआ कि चूजों को सुरक्षित रूप से रायगढ़ पहुंचाया गया और उनमें किसी भी प्रकार के संक्रामक रोग के लक्षण नहीं पाए गए।
प्रशासन ने भविष्य में इस प्रकार की खेपों की पूर्व सूचना संबंधित विभाग को देने के निर्देश रेलवे अधिकारियों को दिए हैं, ताकि निगरानी और सतर्कता और बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जा सके।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
