30 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बेलगहना/नागोई
बिलासपुर:जिले के बेलगहना चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नागोई के लमरी डबरी इलाके में रविवार (29 मार्च 2026) को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गाँव के रानीसागर तालाब में एक नवजात शिशु का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रामवासियों द्वारा चौकी बेलगहना पुलिस को सूचना दी गई कि तालाब में एक शिशु का शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तालाब से एक पूर्ण विकसित नवजात बालिका का शव बरामद किया।
पुलिस ने मौके पर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी करते हुए शव को कब्जे में लिया और आगे की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक मर्ग जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बालिका के जन्म को छिपाने के उद्देश्य से उसे तालाब में फेंका गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं, वहीं पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही, यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात किसका है और उसे इस तरह फेंकने के पीछे कौन जिम्मेदार है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
