30 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सीपत/सेलर
बिलासपुर, 30 मार्च 2026। जिले के सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेलर बरभांठा में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। सीपत पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 मार्च को सूचक शत्रुहन धुरी द्वारा मर्ग इंटीमेशन दर्ज कराया गया कि गांव की पानी टंकी के ऊपर सीढ़ियों के पास राजू धुरी मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और जांच शुरू की।
जांच के दौरान गवाहों के बयान और घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि मृतक की हत्या की गई है। मामले में संदेह के आधार पर ग्राम सेलर बरभांठा निवासी 40 वर्षीय अनिल केंवट को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पानी टंकी के ऊपर रेलिंग के पास सो रहा था। 28 मार्च की रात करीब 9 बजे खाना खाने के बाद सोने के दौरान मृतक राजू धुरी वहां पहुंचा और आवाज देने लगा। आरोपी द्वारा उसे वहां से जाने के लिए कहा गया, लेकिन वह नहीं माना। इसी बात पर गुस्से में आकर आरोपी ने पास में रखे बांस के डंडे से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी अनिल केंवट को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
