28 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना सरकंडा
बिलासपुर। सरकंडा थाना पुलिस ने एसी के कॉपर पाइप चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 43 हजार रुपये मूल्य के चोरी गए कॉपर पाइप समेत घटना में प्रयुक्त औजार भी जब्त कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया पूजा उर्फ प्रिंसी देवांगन निवासी गुलाबनगर मोपका ने 27 मार्च 2026 को थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 26 मार्च की शाम वह अपने “ब्यूटी हैवन यूनिसेक्स सैलून” को बंद कर घर चली गई थीं। अगले दिन दोपहर में पास के दुकान संचालक शुभम जायसवाल ने फोन कर बताया कि दोनों दुकानों में लगे एसी के कॉपर पाइप गायब हैं। मौके पर पहुंचकर देखने पर पाया गया कि अज्ञात चोर ने कॉम्प्लेक्स के सामने सीढ़ी की ओर से घुसकर एसी के कॉपर पाइप चोरी कर लिए हैं।
चोरी गए पाइप में प्रार्थिया के दुकान से लगभग 50 फीट (कीमत 14 हजार रुपये) तथा शुभम जायसवाल की दुकान से करीब 100 फीट (कीमत 29 हजार रुपये) के कॉपर पाइप शामिल थे। कुल नुकसान 43 हजार रुपये का आंका गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही आरोपी पूरन नेताम (24 वर्ष), निवासी दुर्गानगर लिंगियाडीह, को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से कॉपर पाइप के कुल 168 टुकड़े (करीब 8.5 किलो वजनी) बरामद किए गए, जिन्हें एक कपड़े में लपेटकर रखा गया था। साथ ही घटना में प्रयुक्त लोहे का औजार भी जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
