28 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना सरकंडा
बिलासपुर। थाना सरकंडा क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से सरिया चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 70 किलो कटिंग सरिया बरामद कर जब्त किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी के निर्माणाधीन मकान से बीती रात अज्ञात व्यक्ति द्वारा सरिया चोरी कर लिया गया था। मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशन में सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। आरोपी की पहचान सनत लोधी (55 वर्ष), निवासी बगदाई मंदिर के पास अटल आवास अशोक नगर, सरकंडा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया लगभग 70 किलो सरिया बरामद कर जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
