28 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/चकरभाठा
चकरभाठा, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार IASC (इंटरनेशनल एस्ट्रोनॉमिकल सर्च कोलैबोरेशन) द्वारा नासा के सहयोग से विशेष स्टार गेजिंग एवं खगोल विज्ञान कार्यक्रम का सफल आयोजन मदर्स प्राईड वर्ल्ड स्कूल, चकरभाठा में किया गया। यह दो दिवसीय कार्यक्रम दिनांक 22 एवं 23 मार्च 2026 को बड़े उत्साह और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ संपन्न हुआ।
इस कार्यक्रम में मुख्य मार्गदर्शक एवं अतिथि के रूप में
श्री मुकेश शतंकर (रिसोर्स पर्सन, विज्ञान परिसर MPCST RIA, भोपाल)
श्री अमृतांशु बाजपेई (सप्तऋषि इंडिया, IASC पावर्ड बाय नासा)उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विद्यालय अध्यक्ष श्री सबीनो डिसूज़ा, उपाध्यक्ष श्री रामकुमार आर्या तथा प्राचार्या श्रीमती वंदना डिसूज़ा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रथम दिवस (22 मार्च 2026, रविवार)कार्यक्रम का शुभारंभ अपराह्न 2:00 बजे अतिथियों के आगमन से हुआ। छात्रों को खगोल अवलोकन एवं तारामंडल अध्ययन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं। विशेष गतिविधि के अंतर्गत छात्रों को टेलीस्कोप के विभिन्न भागों का अध्ययन कर स्वयं टेलीस्कोप बनाना सिखाया गया। साथ ही खगोलीय अवधारणाएँ जैसे—आकाशमंडल, तारामंडल, क्षितिज, दिगांश, उन्नतांश, अक्षांश, रेखांश, विषुव, क्रांतिवृत्त आदि का विस्तृत ज्ञान दिया गया।
सायंकालीन सत्र में दीप प्रज्वलन, स्वागत उद्बोधन एवं अतिथि संबोधन आयोजित हुआ। इसके पश्चात छात्रों ने अपने द्वारा बनाए गए टेलीस्कोप से चंद्रमा की सतह एवं बृहस्पति ग्रह का अवलोकन किया। इस दिन स्थानीय विद्यालयों के साथ आत्मानंद विद्यालय चकरभाठा एवं डी. पी. एस. बिलासपुर के छात्र भी सम्मिलित हुए।

द्वितीय दिवस (23 मार्च 2026, सोमवार)दूसरे दिन भी अतिथियों द्वारा छात्रों को खगोल विज्ञान से संबंधित उन्नत जानकारी प्रदान की गई। इस दिन सेंट जेवियर स्कूल के छात्र भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।मुख्य आकर्षण के रूप में छात्रों ने टेलीस्कोप की सहायता से सूर्य का सुरक्षित अवलोकन किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत मदर्स प्राईड वर्ल्ड एस्ट्रोनॉमिकल ग्रुप के माध्यम से बिलासपुर संभाग से कुल 13 छात्रों का चयन IASC रिसर्च कैंप हेतु किया गया, जिसमें 11 छात्र मदर्स प्राईड स्कूल तथा 2 छात्र सेंट जेवियर स्कूल के हैं।
चयनित छात्रों में रेनार्डो डिसूज़ा कक्षा 10, काव्या शर्मा कक्षा 10, वैदिक शर्मा कक्षा 8, सौम्य सजनानी कक्षा 10, शिवांश शर्मा कक्षा 9, शिवाय जायसवाल कक्षा 6, सृष्टि पाटनवार कक्षा 7, भाविका सजनानी कक्षा 9, प्रतीक दुबे कक्षा 8, अर्पित आर्या कक्षा 8, तनय दुंपला कक्षा 7, एस.के.एल. प्रज्वल कक्षा 10 एवं अक्षत बाजपेई कक्षा 10 शामिल हैं।
इस कार्यक्रम के सफल संचालन में शिक्षक इंचार्ज श्रीमती रुचिका जायसवाल एवं सहयोगी शिक्षक कुमारी धनेश्वरी वैष्णव , श्रीमती सृष्टि पचौरी, श्री विमल हंसराज एवं श्री शिवा प्रसाद महापात्रो का विशेष योगदान रहा।
चयनित छात्रों को एक वर्ष तक उन्नत खगोल विज्ञान प्रशिक्षण प्राप्त होगा तथा उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अन्य देशों के विद्यार्थियों के साथ अनुसंधान कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम का समापन अत्यंत रोचक एवं प्रेरणादायक ढंग से किया गया। यह आयोजन छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा खगोल विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करने में अत्यंत सफल सिद्ध हुआ।
