26 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना तोरवा
बिलासपुर:रेलवे स्टेशन परिसर में राहगीरों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तोरवा पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी आनंद कुमार सलाम ने 25 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह बिलासपुर रेलवे स्टेशन में अपना मोबाइल चार्जिंग पॉइंट पर लगाकर बैठा था। कुछ देर बाद उसका मोबाइल चोरी हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तोरवा पुलिस और रेलवे पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पर पुलिस की नजर पड़ी।
संदेह के आधार पर पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ की गई, जिसके पास से दो मोबाइल फोन (वनप्लस और वीआई कंपनी) बरामद हुए। मोबाइल के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोहर उर्फ कछुवा उर्फ छोटू विश्वकर्मा (31 वर्ष) निवासी चुचुहियापारा, थाना सिरगिट्टी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें।
✍️ प्रधान संपादक – सीजी क्राइम रिपोर्टर
