26 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:कोनी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक भाई ने अपनी ही बहन पर हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता मिनेश्वरी मनहर ने थाना कोनी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 मार्च की रात वह अपने घर में अकेली सो रही थी। इसी दौरान उसका भाई मानेश्वर मनहर शराब के नशे में घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए पैसे की मांग करने लगा।
पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने अपनी बहन के बाल पकड़कर उसे घर से बाहर खींच लिया और पास में रखे हथौड़े से सिर, हाथ और पीठ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से पीड़िता बेहोश हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोनी पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त हथौड़ा भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री गगन कुमार के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस की अपील
कोनी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि नशा न सिर्फ व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार के लिए घातक साबित हो सकता है।
✍️ प्रधान संपादक – सीजी क्राइम रिपोर्टर
