26 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
शहर में हुई चैन स्नेचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए बिलासपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चैन, लॉकेट सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 23 मार्च की रात प्रार्थिया शोभना भाण्डेकर अपने भाई के साथ स्कूटी से रेलवे स्टेशन से घर लौट रही थीं। रास्ते में वाहन पंचर होने के कारण वे धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान पल्लव भवन के पास एक युवक ने अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चैन और लॉकेट लूट लिया और अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से फरार हो गया।
घटना की रिपोर्ट थाना सिविल लाइन में दर्ज की गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन में एसीसीयू और थाना सिविल लाइन की संयुक्त टीम गठित की गई।
जांच के दौरान टीम ने शहर में लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। साइबर सेल की सहायता से आरोपियों के ठिकाने का पता लगाकर उन्हें देवरीखुर्द और तारबाहर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने पहले पीड़िता को पंचर वाहन के कारण असहाय स्थिति में देखा और उसे निशाना बनाया। आरोपियों ने वारदात के बाद सोने की चैन और लॉकेट को आईआईएफ गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखकर 80 हजार रुपए का लोन लिया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, ऑटो, नगद राशि और लूटी गई सोने की चैन व लॉकेट बरामद कर लिया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 1 लाख 10 हजार रुपए बताई गई है।
इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
✍️ प्रधान संपादक – सीजी क्राइम रिपोर्टर
