26 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि होते ही पशु चिकित्सा विभाग और जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए त्वरित और व्यापक कार्रवाई करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में रैपिड रिस्पांस टीम तैनात की गई।
संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा विभाग के निर्देशन में टीम ने संक्रमित एवं संदिग्ध क्षेत्रों में मौजूद 22,808 पक्षियों, 25,896 अंडों और लगभग 79 क्विंटल दाने का वैज्ञानिक विधि से नष्टीकरण किया। यह पूरी कार्रवाई शासन द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत अत्यंत सावधानी के साथ की गई, जिससे संक्रमण की श्रृंखला को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
स्थिति की लगातार निगरानी के लिए जिला प्रशासन ने कलेक्टोरेट परिसर में 24 घंटे सक्रिय रहने वाला बर्ड फ्लू कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध स्थिति या मृत पक्षियों की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम के लैंडलाइन नंबर 07752-251000 पर दें।
संयुक्त संचालक डॉ. जी.एस.एस. तंवर ने बताया कि जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है और सभी पशुपालकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पोल्ट्री फार्मों की निगरानी बढ़ा दी गई है और प्रभावित क्षेत्रों में आवाजाही पर भी नियंत्रण रखा जा रहा है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि समय रहते उठाए गए इन प्रभावी कदमों से बर्ड फ्लू के प्रसार को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। आमजन से घबराने की बजाय सतर्क और जागरूक रहने की अपील की गई है।
प्रधान संपादक
सीजी क्राइम रिपोर्टर
