26 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में स्वास्थ्य सेवाओं और शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से स्वशासी समिति (प्रबंधकारिणी सभा) की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संभागायुक्त श्री सुनील जैन ने की, जिसमें कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के बाद संभागायुक्त ने सिम्स अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वार्ड, ओपीडी और अन्य प्रमुख इकाइयों का अवलोकन करते हुए साफ-सफाई, उपचार व्यवस्था और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में संस्थान के शैक्षणिक, चिकित्सकीय और अधोसंरचना विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
स्वीकृत प्रमुख कार्यों में सिम्स ऑडिटोरियम में केंद्रीकृत एसी प्रणाली की स्थापना, भवन मरम्मत एवं अन्य सिविल कार्य, जल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार, महाविद्यालय भवन में अतिरिक्त निर्माण और वाटर प्रूफिंग शामिल हैं। इसके अलावा मोर्चरी भवन में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, विद्यार्थियों के अध्ययन कक्षों का उन्नयन, फिजियोथेरेपी इकाई का विस्तार और अस्पताल परिसर में आवश्यक रखरखाव कार्यों को भी मंजूरी दी गई।
संस्थान के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती समारोह की तैयारी करने का भी निर्णय लिया गया, जिससे सिम्स के गौरवशाली सफर को यादगार बनाया जा सके।
इस अवसर पर सदस्य सचिव एवं डीन श्री रमनेश मूर्ति, डिप्टी कमिश्नर डॉ. स्मृति तिवारी, अस्पताल अधीक्षक श्री लखन सिंह, नोडल अधिकारी डॉ. भूपेन्द्र कश्यप सहित समिति के सदस्य, वरिष्ठ चिकित्सक और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
सिम्स में लिए गए इन फैसलों से आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
