26 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 वाहनों को जब्त किया है। इस कार्रवाई में 1 जेसीबी, 3 हाइवा और 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल हैं।
कलेक्टर के निर्देश और उप संचालक के मार्गदर्शन में खनिज विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 23, 24 और 25 मार्च 2026 को खनिज अमले ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों—काठकोनी, देवरीखुर्द, खम्हरिया, सकरी, निरतु, सेंदरी, मंगला, तुरकाडीह, लोखंडी, लोफंडी, दर्रीघाट, लावर, जयरामनगर, कोटा, करही कच्छार और पहंदा—में सघन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान खम्हरिया क्षेत्र में अवैध मिट्टी उत्खनन करते हुए 1 जेसीबी और 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया। सकरी क्षेत्र में अवैध मिट्टी-ईंट परिवहन करते 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं। जयरामनगर में अवैध गिट्टी परिवहन करते हुए 3 हाइवा और 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया।
इसी तरह सेंदरी, करही कच्छार, पहंदा और लोफंडी क्षेत्रों में अवैध रेत परिवहन करते हुए कुल 6 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गईं।
जब्त किए गए सभी वाहनों को पुलिस थाना कोनी, कोटा, पुलिस सहायता केंद्र केंदा और जांच चौकी लावर की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
