26 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/कोनी
बिलासपुर:जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि होते ही प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने देर रात प्रभावित कोनी क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने स्वास्थ्य, पशुपालन और नगर निगम की टीमों द्वारा की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की और मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संक्रमण को फैलने से रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर आवागमन पर सख्त नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। साथ ही संक्रमित पोल्ट्री एवं पक्षियों की सैंपलिंग, किलिंग (कुलिंग) और उनके सुरक्षित निपटान की प्रक्रिया वैज्ञानिक तरीके से करने पर जोर दिया।

आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ाने और सघन निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को क्षेत्र में रहने वाले लोगों की नियमित स्वास्थ्य जांच करने और किसी भी संदिग्ध लक्षण पर तत्काल उपचार सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। वहीं पशुपालन विभाग को पोल्ट्री फार्मों की लगातार निगरानी और आवश्यक प्रतिबंध लागू करने के निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने पुलिस अधिकारियों को कंटेनमेंट जोन में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और अनावश्यक आवाजाही पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि अफवाहों पर नियंत्रण रखते हुए लोगों तक सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाना बेहद जरूरी है।
नगर निगम को क्षेत्र में स्वच्छता, सैनिटाइजेशन और अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें।
बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए प्रशासन की सक्रियता ने यह साफ कर दिया है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह तैयार हैं।
