26 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सिविल लाइन
बिलासपुर:सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस चिन्ह का दुरुपयोग करने का मामला सामने आया है, जहां एक वाहन मालिक अपने स्कॉर्पियो पर अवैध रूप से पुलिस का टैग लगाकर रौब झाड़ रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, करबला निवासी वीरेंद्र जैन (43 वर्ष) अपने वाहन क्रमांक CG11AD7866 में आगे-पीछे बिना किसी वैध अनुमति के पुलिस का चिन्ह/टैग लगाकर उसका उपयोग कर रहा था। इतना ही नहीं, वह वाहन में बाउंसर जैसे लोगों को बैठाकर गलत तरीके से प्रभाव दिखाने की कोशिश कर रहा था।
वाहन शाखा प्रभारी उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह की रिपोर्ट पर थाना प्रभारी निरीक्षक सुम्मत राम साहू ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 205 और 347 के तहत अपराध क्रमांक 398/2026 दर्ज किया है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विवेचना शुरू कर दी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस उप महानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि पुलिस चिन्ह या टैग का अनधिकृत उपयोग दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि वर्दी और पुलिस की पहचान का गलत इस्तेमाल कर रौब जमाने वालों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।
