26 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सिविल लाइन
बिलासपुर:सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दुकानों का शटर तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान, नगदी रकम और घटना में प्रयुक्त औजार भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, हरिभूमि प्रेस के सामने रिंग रोड-2 स्थित पान ठेला और मंदिर चौक जरहाभाठा स्थित पूनम पान मसाला दुकान में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। शिकायत के बाद थाना सिविल लाइन में अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मिनी बस्ती शुलभ के पास दो युवक बेहद सस्ते दाम में गुटखा और पान मसाला बेच रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों संदिग्धों को पकड़ा और पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों की पहचान मानष उर्फ सोनू सिंह (22 वर्ष) और अविनाश रात्रे उर्फ बंटी (19 वर्ष), निवासी जरहाभाठा क्षेत्र के रूप में हुई है।

पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 2000 रुपये का पान मसाला व गुटखा, 7200 रुपये नगद और एक लोहे का सब्बल बरामद किया है, जिसका उपयोग दुकान का शटर तोड़ने में किया गया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 25 मार्च को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और 26 मार्च को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
