बिलासपुर:शहर के रजिस्ट्री ऑफिस के पास स्थित कंपोजिट बिल्डिंग में इन दिनों चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। अज्ञात चोर रात के समय बिल्डिंग में घुसकर एसी की पाइप लाइन और तार काटकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, स्टाम्प वेंडरों के दफ्तरों में लगे एयर कंडीशनरों के आउटर यूनिट की कॉपर पाइप और वायरिंग को निशाना बनाया जा रहा है। चोर बड़ी सफाई से पाइप काटकर ले जाते हैं, जिससे कई एसी बंद हो चुके हैं और भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।
बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
लगातार हो रही इन चोरियों से स्थानीय कर्मचारियों और लोगों में डर और आक्रोश का माहौल है। उनका कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह लचर हो गई है, जिससे चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
नागरिकों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
प्रधान संपादक – सीजी क्राइम रिपोर्टर
