25 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना तोरवा
बिलासपुर। तोरवा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ठगी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने पीड़ित से 1,50,400 रुपये की धोखाधड़ी की थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुनील कुमार सूर्यवंशी ने थाना तोरवा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 अगस्त 2025 की रात अज्ञात मोबाइल नंबरों से कॉल कर अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी दी गई। डर के कारण उसने यूपीआई के माध्यम से कुल 1,50,400 रुपये आरोपियों को ट्रांसफर कर दिए।
मामले में थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 479/2025 के तहत धारा 318(4) बीएनएस एवं 66 डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में टीम गठित कर जांच की गई।
जांच के दौरान साइबर सेल की मदद से यूपीआई ट्रांजेक्शन और मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाई गई, जिससे आरोपी का लोकेशन नोएडा (उत्तर प्रदेश) में होना पाया गया। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम नोएडा और दिल्ली रवाना हुई।
स्थानीय पुलिस की सहायता से मुख्य आरोपी गुरजीत कुमार (21 वर्ष), निवासी बिजनौर (उ.प्र.) हाल पता सेक्टर-07 फेस-01 नोएडा को 22 मार्च 2026 को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर 25 मार्च 2026 को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है और इस प्रकार के साइबर अपराधों से बचने के लिए आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।
प्रधान संपादक –सीजी क्राइम रिपोर्टर
