24 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के आयोजन को लेकर छत्तीसगढ़ में उत्साह का माहौल बन गया है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए देशभर से खिलाड़ियों का आगमन शुरू हो गया है।
रविवार सुबह अरुणाचल प्रदेश के वेटलिफ्टरों का 14 सदस्यीय दल रायपुर पहुंचा, जिसमें 13 खिलाड़ी और एक सपोर्टिंग स्टाफ शामिल है। स्वामी विवेकानंद विमानतल रायपुर में खिलाड़ियों का पारंपरिक राऊत नाचा के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग और साई (SAI) के अधिकारियों ने गुलाब भेंटकर खिलाड़ियों का अभिनंदन किया।
आयोजकों के अनुसार, 23 मार्च को विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी रायपुर पहुंचेंगे।
गौरतलब है कि देश में पहली बार खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आयोजन छत्तीसगढ़ के तीन शहरों — रायपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में देशभर से करीब 3 हजार जनजातीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
25 मार्च से 3 अप्रैल तक चलने वाले इस आयोजन में हॉकी, फुटबॉल, कुश्ती, एथलेटिक्स, तैराकी, तीरंदाजी और वेटलिफ्टिंग जैसे सात खेलों में पुरुष और महिला वर्ग के रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
खेल प्रेमियों के लिए यह आयोजन खेल प्रतिभाओं को निखारने और जनजातीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का बड़ा मंच साबित होगा।
