24 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:ईद के मुबारक मौके पर जहां एक ओर लोग खुशियों और उत्सव में डूबे नजर आए, वहीं दूसरी ओर समाजसेवी अलीम अंसारी ने इंसानियत और शिक्षा का एक अनोखा संदेश देकर सभी का दिल जीत लिया।

पिछले 5 वर्षों से समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय अलीम अंसारी अपनी संस्था ‘अमान अंसारी वेलफेयर फाउंडेशन’ के माध्यम से स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सराहनीय कार्य कर रहे हैं। ईद के अवसर पर उन्होंने ईदगाह में भीख मांग रहे बच्चों को पेन भेंट कर उन्हें शिक्षा की ओर प्रेरित किया।

इस दौरान अलीम अंसारी ने बच्चों से कहा कि आज के दौर में पढ़ाई-लिखाई बेहद जरूरी है और यही उनके उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। उन्होंने बच्चों के माता-पिता को भी समझाइश देते हुए अपील की कि वे अपने बच्चों से भीख न मंगवाएं, बल्कि उन्हें स्कूल भेजकर बेहतर जिंदगी की ओर बढ़ने का अवसर दें।

अलीम अंसारी की इस पहल ने समाज में एक सकारात्मक संदेश दिया है कि सच्ची खुशी सिर्फ अपने तक सीमित न रखकर जरूरतमंदों के साथ बांटने में है। उनकी इस सोच और कार्य ने ईद के पावन अवसर को और भी खास और यादगार बना दिया।
सीजी क्राइम रिपोर्टर
