23 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा ‘PM-RAHAT’ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में 23 मार्च 2026 को पुलिस लाइन बिलासपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों को योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को TMS, iRAD और eDAR जैसे ऑनलाइन पोर्टलों पर दुर्घटना पीड़ितों के पंजीयन एवं डेटा प्रविष्टि की तकनीकी प्रक्रिया समझाई गई। NIC के विशेषज्ञों ने लाइव डेमो के माध्यम से बताया कि किस प्रकार पीड़ितों की जानकारी समय-सीमा में दर्ज कर योजना का लाभ सुनिश्चित किया जा सकता है।
गौरतलब है कि इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को 7 दिनों तक अधिकतम 1.50 लाख रुपए तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य ‘गोल्डन ऑवर’ यानी दुर्घटना के पहले एक घंटे के भीतर पीड़ित को तत्काल चिकित्सा सुविधा देकर अधिक से अधिक जीवन बचाना है।

जिले में इस योजना के तहत पहला केस थाना रतनपुर क्षेत्र में दर्ज किया गया, जहां आरोग्य अस्पताल में भर्ती घायल अमर सिंह का पंजीयन कर प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस द्वारा 24 घंटे के भीतर सत्यापन कर केस को आगे बढ़ाया गया, जिससे उपचार की प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी हो सकी।

जिले में iRAD और eDAR से जुड़े 172 अस्पतालों के माध्यम से यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। योजना के तहत अस्पताल द्वारा 24 घंटे के भीतर TMS पोर्टल पर पंजीयन और पुलिस द्वारा समय-सीमा में सत्यापन अनिवार्य किया गया है। गंभीर मरीजों के लिए 48 घंटे तक स्थिरीकरण उपचार की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
इस अवसर पर एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह, एएसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे, एएसपी शहर पंकज पटेल सहित जिले के चिकित्सक, थाना प्रभारी, विवेचक एवं अन्य अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं, ताकि ‘PM-RAHAT’ योजना के तहत उन्हें समय पर निःशुल्क उपचार मिल सके और उनकी जान बचाई जा सके।
