21 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश और उप संचालक के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाते हुए कुल 8 वाहनों को जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग ने निरतु, सेंदरी, तुरकाडीह, लोखंडी, कोनी, बिरकोना और सरकंडा क्षेत्रों में व्यापक जांच की। इस दौरान सरकंडा क्षेत्र से गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए 2 हाइवा और रेत का अवैध परिवहन करते 1 हाइवा वाहन को पकड़ा गया।
वहीं निरतु से 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली, तुरकाडीह से 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली, लोखंडी क्षेत्र से 1 हाइवा और 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध परिवहन करते हुए जब्त किया गया। इसके अलावा अशोक नगर क्षेत्र से मुरुम का अवैध परिवहन करते 1 हाइवा वाहन भी पकड़ा गया।
इस तरह कुल 5 हाइवा और 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित 8 वाहनों को जब्त कर पुलिस थाना सरकंडा और कोनी की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
