21 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां आरोपी ने दोगुना मुनाफा दिलाने का लालच देकर एक महिला से 2 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया अंजना फ्रांसिस ने 16 फरवरी 2026 को थाना तारबाहर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी गोविंद कुमार ने उन्हें अपने झांसे में लेकर शेयर मार्केट में पैसा निवेश करने पर अधिक मुनाफा देने का भरोसा दिलाया। इसके बाद आरोपी ने चार किस्तों में कुल 2 लाख रुपये ले लिए, लेकिन रकम वापस नहीं की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रविंद्र अनंत के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी रायपुर में मौजूद है, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम रायपुर रवाना हुई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक रविंद्र अनंत, उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, आरक्षक रूपलाल चंद्रा और राहुल राजपूत का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के निवेश से पहले पूरी जानकारी प्राप्त करें और लालच में आकर किसी अनजान व्यक्ति को पैसे न दें।
