19 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/पचपेड़ी
बिलासपुर। जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोंधरा में मंगलवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ग्रामीण की खून से लथपथ लाश उसके ही घर के कमरे में मिली। मृतक की पहचान 45 वर्षीय चंदन नट के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदन नट रोज की तरह भिक्षा मांगकर शाम को अपने घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद वह अपने बड़े भाई के साथ कुछ समय तक बातचीत करता रहा और फिर अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद जब बहू पूजा के लिए कमरे में पहुंची, तो वहां का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। चंदन नट खून से लथपथ हालत में पड़ा था और उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मृतक के गले पर धारदार हथियार से गहरे कट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है।

घटना के समय घर में अन्य सदस्य भी मौजूद थे, जिससे हत्या और आत्महत्या दोनों ही पहलुओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।
पुलिस ने शव को सुरक्षित रखवाया है और बुधवार को फोरेंसिक जांच व पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा।
फिलहाल यह मामला रहस्य बना हुआ है और पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर दहशत और चर्चा का माहौल है।
