11 मार्च 2026
न्यायधानी बिलासपुर
सीजी क्राइम रिपोर्टर
बिलासपुर। संभागायुक्त सुनील जैन ने बुधवार को चकरभाठा स्थित पीएम श्री स्कूल का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था और सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्कूल में पढ़ाई की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने प्राचार्य से स्कूल में संचालित कक्षाओं की जानकारी ली और शिक्षण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने स्कूल भवन के पीछे स्थित परिसर का अवलोकन करते हुए वहां गार्डन और ओपन जिम विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य और खेलकूद की सुविधाएं भी मिल सकें।
संभागायुक्त ने स्कूल में शिक्षकों के रिक्त पदों की जानकारी लेते हुए शैक्षणिक गतिविधियों को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने स्कूल की लैब और लाइब्रेरी का निरीक्षण कर लाइब्रेरी को सुव्यवस्थित रखने तथा इसे हाईटेक बनाकर सभी व्यवस्थाओं को ऑनलाइन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल परिसर में मिनी स्टेडियम निर्माण का सुझाव भी दिया। वहीं परिसर में निर्मित 16 कमरों वाले भवन की स्थिति का अवलोकन करते हुए उसकी मरम्मत कराने और सीपेज की समस्या को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र तक सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए जाएं।
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर स्मृति तिवारी, समग्र शिक्षा के जिला समन्वयक ओम पांडे सहित संबंधित अधिकारी और स्कूल के प्राचार्य उपस्थित रहे।
