10 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 87वें स्थापना दिवस के अवसर पर ग्रुप केंद्र बिलासपुर में रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण पेश किया।
यह शिविर सिम्स अस्पताल बिलासपुर के ब्लड सेंटर पैथोलॉजी विभाग तथा जन स्वास्थ्य सहयोग गनियारी के सहयोग से आयोजित किया गया। शिविर के दौरान सीआरपीएफ के जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। करीब 100 से 150 जवानों ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी योगदान दिया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलता है। सिम्स अस्पताल क्षेत्र का प्रमुख शासकीय स्वास्थ्य संस्थान है, जहां दूर-दराज़ ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों से आने वाले गंभीर मरीजों का इलाज किया जाता है। ऐसे में रक्तदान के माध्यम से अस्पताल में भर्ती मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में बड़ी मदद मिलती है।

इस अवसर पर डॉ. अशोक कुमार महापात्र (उप महानिरीक्षक चिकित्सा), मनोज कुमार (कमांडेंट), नील कमल भारद्वाज (उप कमांडेंट), अविजीत प्रभात (सहायक कमांडेंट), विवेकानंद प्रसाद (सहायक कमांडेंट) तथा शैलेन्द्र सिंह रिझोनिया (सहायक कमांडेंट) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके साथ ही डॉ. विराग जैन, डॉ. नागेन्द्र साहू, डॉ. प्रभाकर और डॉ. अनिल सक्सेना सहित सिम्स अस्पताल बिलासपुर के डॉक्टरों और स्टाफ ने भी शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से सीआरपीएफ के जवानों ने समाज के प्रति अपनी सेवा भावना और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।
