10 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। राष्ट्रीय डाक कर्मचारी संघ का द्विवार्षिक अधिवेशन मंगलवार को शहर के एक निजी होटल में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अधिवेशन में संगठन को मजबूत बनाने, कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा करने और डाक विभाग की योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में डाक कर्मचारी, पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
अधिवेशन के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन का पिछला द्विवार्षिक अधिवेशन 17 दिसंबर 2023 को बिलासपुर में आयोजित किया गया था, जबकि राष्ट्रीय स्तर का अधिवेशन 9 से 10 जून 2024 को उज्जैन में संपन्न हुआ था। इन अधिवेशनों में कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों, संगठन की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर व्यापक चर्चा की गई थी।

वक्ताओं ने कहा कि डाक विभाग के कर्मचारी सीमित संसाधनों और कई चुनौतियों के बावजूद पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। तकनीकी समस्याओं, बढ़ते कार्यभार, कर्मचारियों की कमी और बदलते कार्य स्वरूप के बावजूद डाक कर्मचारी प्रशासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने यह भी कहा कि डाक विभाग आज भी देश के दूरदराज़ क्षेत्रों तक सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

इस अवसर पर कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में विशेष रूप से महिला कर्मचारियों को समर्पित किया गया। महिला कर्मचारियों ने केक काटकर महिला दिवस का उत्सव मनाया और उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान संगठन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, उनकी कार्यनिष्ठा और योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम में बी. एस. राव, सुषमा वर्मा और एन. डी. लाल सहित अन्य पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल संगठन चलाना ही नहीं, बल्कि हर कर्मचारी के अधिकार, सम्मान और हितों की रक्षा करना भी है। साथ ही डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना भी संगठन की प्राथमिकता है।
