11 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और ईरान युद्ध को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच घरेलू एलपीजी की उपलब्धता पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा है कि जिले में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है। आम नागरिकों को घबराने या पैनिक में आकर गैस का अनावश्यक भंडारण करने की जरूरत नहीं है।
कलेक्टर ने खाद्य विभाग के अधिकारियों और गैस वितरकों की बैठक लेकर जिले में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और जिला प्रशासन इस व्यवस्था पर लगातार निगरानी रख रहा है।
कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए होटल और उद्योगों में व्यावसायिक उपयोग के लिए दिए जाने वाले गैस सिलेंडरों की आपूर्ति फिलहाल बंद कर दी गई है। हालांकि अस्पतालों और स्कूलों को उनकी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार गैस उपलब्ध कराई जा रही है।
बैठक में गैस एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का किसी भी प्रकार से व्यावसायिक उपयोग न होने दें। वितरण व्यवस्था की निगरानी स्वयं एजेंसी संचालक करें और इसे केवल कर्मचारियों के भरोसे न छोड़ें। साथ ही अनधिकृत व्यक्तियों को सिलेंडर देने या ब्लैक मार्केटिंग जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
जानकारी के अनुसार जिले में घरेलू गैस के करीब 4.80 लाख कनेक्शन हैं, जिन्हें तीन ऑयल कंपनियों के 38 गैस वितरकों के माध्यम से आपूर्ति की जाती है। इनमें से 22 वितरक केवल बिलासपुर शहर में संचालित हैं। वर्तमान में जिले में प्रतिदिन लगभग 5 हजार गैस सिलेंडरों की डिलीवरी की जा रही है और पिछले 10 दिनों से इसी दर से आपूर्ति जारी है।
बैठक में यह भी बताया गया कि गैस सिलेंडर की बुकिंग अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। गैस वितरकों ने शहर में लागू नो-एंट्री प्रतिबंध से राहत देने की मांग भी रखी, जिस पर कलेक्टर ने सकारात्मक विचार करने का भरोसा दिया।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक में आकर गैस सिलेंडरों का अनावश्यक भंडारण न करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
बैठक में खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर, एएफओ राजीव लोचन तिवारी, कंपनी के नोडल अधिकारी हेम प्रकाश साहू, गैस वितरक संघ के जिला अध्यक्ष सुभाष जायसवाल सहित जिले के सभी गैस वितरक उपस्थित रहे।
