24 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
जिले में आगामी गर्मी के मद्देनज़र पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने, प्रस्तावित जनगणना की तैयारियों को सुनिश्चित करने और आमजन की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से कलेक्टर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को समयबद्ध, समन्वित और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने संभावित पेयजल संकट वाले ग्रामों की अभी से पहचान करने और पिछले वर्ष प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। उन्होंने आवश्यकतानुसार टैंकरों से जल आपूर्ति की व्यवस्था करने, लेकिन सार्वजनिक स्थलों पर सिम्प्लेक्स टैंक स्थापित कर सुव्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में 15वें वित्त आयोग की राशि से पेयजल सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर जोर दिया।
बैठक में मई माह में प्रस्तावित जनगणना की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने इसे पूरी शुद्धता, गोपनीयता और गुणवत्ता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना विकास योजनाओं का आधार होती है, इसलिए नागरिकों की सही जानकारी दर्ज होना आवश्यक है। इस कार्य में प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल के शिक्षकों को प्रगणक एवं सुपरवाइजर की जिम्मेदारी दी जाएगी।
कलेक्टर ने जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए संबंधित प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर स्वीकृति के निर्देश दिए। उन्होंने तालाबों की गहराई बढ़ाने के लिए सड़क निर्माण में तालाब की मिट्टी उपयोग करने की बात कही। साथ ही स्कूलों में निर्माणाधीन शौचालयों को 8 मार्च, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में शासकीय सामग्री की खरीदी में भंडार क्रय नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने, विधानसभा सत्र से जुड़े प्रश्नों के तथ्यपरक जवाब समय पर प्रस्तुत करने और न्यायालयीन प्रकरणों का समयसीमा में निराकरण करने पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीएम पोर्टल सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के शीघ्र और पारदर्शी समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
