24 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। आस्था, भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम इस रामनवमी पर देखने को मिलेगा, जब बिलासपुर से 1008 श्रद्धालुओं का भव्य जत्था प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या धाम के लिए रवाना होगा। समाजसेवी एवं यात्रा संयोजक प्रवीण झा ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह आध्यात्मिक यात्रा लगातार तीसरे वर्ष आयोजित की जा रही है, जिसने श्रद्धालुओं के बीच विशेष पहचान बना ली है।
ईदगाह चौक स्थित प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने बताया कि पूर्व में आयोजित यात्राओं के माध्यम से अब तक 2016 श्रद्धालु अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। इस वर्ष भी 1008 श्रद्धालुओं को पूरी तरह निःशुल्क यात्रा का अवसर प्रदान किया जा रहा है। हालांकि, यात्रा में शामिल होने के लिए पंजीयन अनिवार्य रहेगा।
पंजीयन प्रक्रिया 1 मार्च से प्रारंभ होकर प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 10:30 बजे तक पुलिस मैदान स्थित निर्धारित केंद्र पर की जाएगी। सीमित सीटों के कारण पंजीयन पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होगा। यात्रा के लिए श्रद्धालुओं की आयु 18 से 65 वर्ष के बीच होना आवश्यक है तथा उनका पूर्णतः स्वस्थ होना अनिवार्य रहेगा। एक परिवार से अधिकतम दो लोगों को ही अनुमति दी जाएगी। पंजीयन के दौरान दो पासपोर्ट साइज फोटो और आधार कार्ड की छायाप्रति जमा करना आवश्यक होगा। पिछले वर्ष प्रतीक्षा सूची में रहे श्रद्धालुओं को इस बार प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया है।
यह भव्य यात्रा 25 मार्च को सुबह 11 बजे पुलिस ग्राउंड से प्रारंभ होगी, जिसमें 25 बसें और 10 कारों के माध्यम से श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम ले जाया जाएगा। यात्रा के दौरान भोजन, आवास और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था आयोजकों द्वारा की गई है। सभी यात्रियों को निर्धारित वाहनों से ही यात्रा करनी होगी और अनुशासन का पालन अनिवार्य रहेगा।
आयोजकों के अनुसार यह यात्रा केवल दर्शन का अवसर नहीं, बल्कि बिलासपुर की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को अयोध्या से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। वर्षों से यहां रामनवमी और भक्ति आयोजनों की समृद्ध परंपरा रही है, जिसे यह यात्रा नई ऊर्जा प्रदान कर रही है।
प्रेस वार्ता में प्रफुल शर्मा, राम प्रताप सिंह, रौशन सिंह, रिंकू मित्रा और राजीव अग्रवाल भी उपस्थित रहे। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से समय पर पंजीयन कर इस पुण्य यात्रा का हिस्सा बनने की अपील की है।
