संभाग आयुक्त व कलेक्टर ने किया मार्गदर्शन, आईटीआई में नए रोजगारमूलक ट्रेड शुरू करने के निर्देश
12 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/कोनी
युवाओं को बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मॉडल आईटीआई कोनी में दो दिवसीय संभाग स्तरीय रोजगार मेले की शुरुआत हुई। 12 और 13 फरवरी को आयोजित इस मेले में 26 निजी कंपनियां विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर लेकर पहुंची हैं। पहले दिन ही 200 से अधिक युवाओं को अंतिम रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जिससे मेले में उत्साह का माहौल रहा।
संभाग आयुक्त श्री सुनील जैन, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल ने मेले का अवलोकन कर युवाओं से संवाद किया। अधिकारियों ने नियोक्ता कंपनियों के प्रतिनिधियों से चर्चा कर प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर समन्वय पर जोर दिया। इस दौरान चयनित अभ्यर्थियों को प्रतीक स्वरूप नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।

आईटीआई में आधुनिक ट्रेड पर जोर
संभाग आयुक्त श्री जैन ने आईटीआई प्रबंधन को निर्देश दिए कि पारंपरिक और अप्रचलित ट्रेडों को चरणबद्ध तरीके से बंद कर वर्तमान बाजार की मांग के अनुरूप आधुनिक एवं तकनीकी आधारित कोर्स प्रारंभ किए जाएं। साथ ही आईटीआई के संयुक्त संचालक श्री ए.के. सोनी को निजी कंपनियों के साथ एमओयू करने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रशिक्षण सीधे रोजगार से जुड़ सके।
1300 से अधिक पंजीयन, 207 का अंतिम चयन
मेले के पहले दिन संभाग के विभिन्न जिलों से 1300 से अधिक युवाओं ने ऑनलाइन पंजीयन कराया, जिनमें से 800 से अधिक युवा मौके पर उपस्थित हुए। 329 युवाओं का प्राथमिक चयन हुआ, जबकि 207 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में अंतिम चयन किया गया।

संभाग आयुक्त और कलेक्टर ने राजकुमार पटेल एवं अभिषेक बंजारे को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। दोनों का चयन कोरबा की एक कंपनी में टेक्निशियन पद पर 18 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन पर हुआ है। चयनित युवाओं ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
विभिन्न क्षेत्रों में हजारों पदों पर भर्ती
मेले में वित्त, कृषि, प्रबंधन, मेडिकल एवं फार्मेसी, सोलर एनर्जी, टेक्सटाइल, मैन्युफैक्चरिंग, सिक्योरिटी सर्विस, इंश्योरेंस, ऑटोमोबाइल और ज्वेलरी सहित कई क्षेत्रों में लगभग 4 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है। 13 फरवरी को भी चयन प्रक्रिया संचालित होगी।
इस अवसर पर डिप्टी डायरेक्टर श्री अमरचंद पहारे, श्री पी.एस. तिग्गा, जिला रोजगार कार्यालय के अधिकारी, आदर्श आईटीआई कोनी एवं लाइवलीहुड कॉलेज के वरिष्ठ अधिकारी सहित संभाग के विभिन्न जिलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रोजगार मेले का यह आयोजन युवाओं के लिए नए अवसरों का द्वार खोलने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
