अधिकारियों की कार्यक्षमता सुदृढ़ करने चेतना सभा कक्ष में होगा आयोजन
12 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/कोनी
बिलासपुर, 12 फरवरी 2026। सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार आईगॉट (iGoT) कर्मयोगी प्लेटफॉर्म के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु 13 फरवरी को संभाग स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की जाएगी। यह प्रशिक्षण पूर्वाह्न 11:30 बजे से 12:30 बजे तक संभागायुक्त कार्यालय, कोनी बिलासपुर के चेतना सभा कक्ष में संपन्न होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संभागायुक्त श्री सुनील जैन करेंगे। प्रशिक्षण में राज्य स्तर से सुश्री अंजू सिंह, अवर सचिव, छत्तीसगढ़ शासन एवं नोडल अधिकारी (iGoT कर्मयोगी) अधिकारियों को प्लेटफॉर्म के उपयोग और उसके व्यावहारिक पक्षों पर मार्गदर्शन देंगी।
इस कार्यशाला का उद्देश्य अधिकारियों को डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से सतत् प्रशिक्षण के लिए प्रेरित करना तथा उनकी कार्यकुशलता, दक्षता और प्रशासनिक क्षमता को सशक्त बनाना है। कार्यक्रम में कलेक्टर बिलासपुर सहित जिले के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) एवं राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के अधिकारी भौतिक रूप से उपस्थित रहेंगे, जबकि संभाग के अन्य जिलों के कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे। संबंधित जिलों के नोडल अधिकारी भी प्रत्यक्ष रूप से भाग लेंगे।
यह पहल प्रशासनिक क्षमता निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे शासन की योजनाओं और नीतियों के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को और गति मिलने की अपेक्षा है।
