सॉफ्टबॉल स्पर्धाओं में पंजाब और सीबीएसई का दबदबा
05 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2025-26 के दूसरे दिन सॉफ्टबॉल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों का जोश और जज़्बा देखने को मिला। विभिन्न मैदानों पर खेले गए मुकाबलों में पंजाब, सीबीएसई, महाराष्ट्र एवं मेजबान छत्तीसगढ़ की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
ग्राउंड नंबर एक पर खेले गए मुकाबलों में दिल्ली ने बिहार को 10–00 से पराजित किया, वहीं सीबीएसई ने जम्मू-कश्मीर को 11–01 से करारी शिकस्त दी। दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला मेजबान छत्तीसगढ़ और दिल्ली के बीच खेला गया, जिसमें छत्तीसगढ़ ने संघर्षपूर्ण खेल का प्रदर्शन करते हुए दिल्ली को 02–01 से हराया। इसके अलावा सीबीएसई ने तमिलनाडु को 10–00 से मात देकर अपना दबदबा कायम रखा।

ग्राउंड नंबर दो पर पंजाब की टीम पूरी तरह हावी नजर आई। पंजाब ने चंडीगढ़ को 11–01 तथा मणिपुर को 12–00 के बड़े अंतर से पराजित किया। तेलंगाना ने हरियाणा को 10–00 से हराया, जबकि जम्मू-कश्मीर ने विद्या भारती को 14–00 से शिकस्त दी। इसी मैदान पर खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने चंडीगढ़ को 11–05 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।
बालक वर्ग अंडर-17 के मुकाबलों में भी जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। राजस्थान ने सीबीएसई को 10–00, छत्तीसगढ़ ने गुजरात को 10–00, ओडिशा ने तमिलनाडु को 10–00 और महाराष्ट्र ने राजस्थान को 10–00 से पराजित किया। ग्राउंड नंबर दो पर छत्तीसगढ़ ने बिहार को 14–00, सीबीएसई ने महाराष्ट्र को 10–00, गुजरात ने बिहार को 08–02, चंडीगढ़ ने मणिपुर को 12–01 तथा मध्य प्रदेश ने ओडिशा को 02–00 से हराया।
बालिका वर्ग अंडर-17 के मुकाबलों में भी रोमांच बना रहा। मध्य प्रदेश ने आंध्र प्रदेश को 16–00, राजस्थान ने तेलंगाना को 11–00, जबकि हरियाणा ने तेलंगाना को 06–03 से पराजित किया। दूसरे मैदान पर विद्या भारती ने आंध्र प्रदेश को 06–05 से हराया। पंजाब ने गुजरात को 06–01 तथा महाराष्ट्र ने गुजरात को 04–00 से शिकस्त दी।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मेजबान छत्तीसगढ़ की टीम विभिन्न वर्गों में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर रही है। आगामी मुकाबलों को लेकर दर्शकों में भी खासा उत्साह बना हुआ है।
