खेल और खिलाड़ियों के लिए वरदान साबित होगा सेंटर : उपमुख्यमंत्री
05 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर को खेल जगत में एक बड़ी सौगात मिली है। राज्य का एकमात्र अत्याधुनिक स्पोर्ट्स परफॉर्मेंस एवं रिहैबिलिटेशन सेंटर अब बिलासपुर में प्रारंभ हो गया है। नवनिर्मित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में स्थित इस सेंटर का भव्य शुभारंभ उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने किया। इस अवसर पर विधायक श्री धर्मजीत सिंह, श्री धरमलाल कौशिक एवं श्री सुशांत शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि यह सेंटर खिलाड़ियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। यहां खिलाड़ियों को एक ही स्थान पर आधुनिक तकनीक, चिकित्सकीय सुविधाएं एवं वैज्ञानिक प्रशिक्षण उपलब्ध होंगी, जिससे उनके प्रदर्शन में निरंतर सुधार संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी के लिए अपनी शारीरिक क्षमता और सीमाओं को समझना बेहद आवश्यक है, और यह सेंटर उसी दिशा में खिलाड़ियों को सशक्त बनाने का कार्य करेगा। यह बिलासपुर जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

खिलाड़ियों को समर्पित ‘अविक स्पोर्ट्स हेल्थ एंड फिटनेस’
‘अविक स्पोर्ट्स हेल्थ एंड फिटनेस’ संस्था वर्षों से खिलाड़ियों के परफॉर्मेंस एन्हांसमेंट और रिहैबिलिटेशन के क्षेत्र में समर्पित भाव से कार्य कर रही है। डॉ. अविनाश जायसवाल के कुशल मार्गदर्शन में यह संस्थान अब तक सैकड़ों खिलाड़ियों को खेल चोटों से उबरने और बेहतर प्रदर्शन के लिए सहयोग प्रदान कर चुका है। अब नए स्थान, आधुनिक साज-सज्जा और अत्याधुनिक खेल विज्ञान आधारित तकनीकों के साथ यह संस्था एक नई शुरुआत कर रही है, जिससे खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकेंगी।
वैज्ञानिक तकनीक से चोटों की सटीक पहचान और संपूर्ण उपचार
इस स्पोर्ट्स परफॉर्मेंस लैब की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां खिलाड़ियों को होने वाली चोटों की वैज्ञानिक तकनीकों से सटीक पहचान की जाती है और जड़ से उपचार कर खिलाड़ी को पूरी तरह ‘रेडी टू प्ले’ बनाया जाता है। सेंटर में जिम ट्रेनिंग, व्यक्तिगत डाइट प्लान, न्यूट्रिशन सपोर्ट, इंजरी प्रिवेंशन, साइंटिफिक ट्रीटमेंट और रिहैबिलिटेशन जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएंगी।

छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर
यह सेंटर न केवल बिलासपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे खिलाड़ी न सिर्फ चोटों से तेजी से उबर सकेंगे, बल्कि वैज्ञानिक विश्लेषण और आधुनिक प्रशिक्षण पद्धतियों के माध्यम से अपने खेल को अगले स्तर तक ले जा सकेंगे। खेल प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराकर यह स्पोर्ट्स परफॉर्मेंस सेंटर राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व महापौर किशोर राय, अन्य जनप्रतिनिधि, खेल संघों के पदाधिकारी, खेल अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
