03 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
बिलासपुर/बेलगहना
अवैध जुआ–सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बेलगहना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंडरापथरा में सट्टा खिलाने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सट्टा पट्टी, नकदी रकम, मोबाइल फोन एवं अन्य सामग्री जप्त की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशों के पालन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा श्रीमती नुपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में चौकी बेलगहना पुलिस को दिनांक 03 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पंडरापथरा में सट्टा खेलाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर रेड कर घेराबंदी की।

रेड कार्रवाई के दौरान आरोपी मो. समीर अंसारी पिता कलामउद्दीन अंसारी, उम्र 35 वर्ष, निवासी पंडरापथरा, चौकी बेलगहना, थाना कोटा, जिला बिलासपुर को पकड़ा गया। आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से अन्य लोगों से सट्टा के अंक लेकर सट्टा खेलाते पाया गया।
मौके से आरोपी के कब्जे से 19,500 रुपये के हिसाब की 5 नग सट्टा पट्टी, सट्टा पट्टी की नकद रकम 4,120 रुपये, एक मोबाइल फोन एवं एक पेन जप्त किया गया। जप्त मशरूका की कुल कीमत 14,120 रुपये बताई गई है।
आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6(क) के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त आरोपी के विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत भी पृथक से कार्रवाई कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी विगत कई वर्षों से शातिराना तरीके से चोरी-छिपे सट्टा खिलाने का कार्य कर रहा था तथा लोगों की नजरों से बचने के लिए मोटरसाइकिल मैकेनिक का कार्य करता था।
इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हेमंत सिंह, सहायक उप निरीक्षक भरतलाल राठौर, आरक्षक ईश्वर नेताम एवं आरक्षक धीरज जायसवाल की विशेष भूमिका रही। बेलगहना पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी है।
