एटीएम की तर्ज पर कार्ड से मिलेगा पीडीएस राशन
03 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने साप्ताहिक टीएल बैठक में आज राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों का अधिकाधिक दौरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि भ्रमण के दौरान यह देखा जाए कि लक्ष्य प्राप्ति में क्या बाधाएं आ रही हैं और उन्हें विशेष कार्य-योजना बनाकर दूर करते हुए हर हाल में वित्तीय वर्ष समाप्ति के पूर्व लक्ष्य पूर्ण किए जाएं।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि राज्य सरकार की योजनाओं के अंतर्गत किए जा रहे सभी कार्यों को एनआईसी के निर्माण सॉफ्टवेयर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए, ताकि आमजन भी कार्यों की प्रगति देख सकें।

कलेक्टर ने बताया कि जिले में वन पट्टाधारी लगभग साढ़े चार सौ किसानों के निधन की सूचना प्राप्त हुई है। उन्होंने वन विभाग को निर्देश दिए कि मृत पट्टाधारियों के निकट वारिसों के नाम पर नामांतरण कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्कूलों में निर्माणाधीन गर्ल्स टॉयलेट को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च के पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिले में वर्तमान में 508 बालिका शौचालयों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
पीएम सूर्यघर बिजली योजना की प्रगति को नाकाफी बताते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिले में अब तक केवल 2100 प्लांट स्थापित हुए हैं, जबकि लगभग 6000 आवेदन लंबित हैं। उन्होंने इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। आगामी ग्रीष्मकाल को देखते हुए कलेक्टर ने हर गांव और घर में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कार्य-योजना बनाने, गत वर्ष जिन गांवों में पानी की समस्या आई थी उन्हें प्राथमिकता से दुरुस्त करने, सभी हैंडपंपों की मरम्मत तथा जलस्रोतों की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार सभी कार्यालयों में आधार बेस्ड उपस्थिति अनिवार्य है। जो कार्यालय अब तक इस व्यवस्था से नहीं जुड़े हैं, वे एक सप्ताह के भीतर जुड़ जाएं, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में लगभग 30 प्रतिशत स्कूलों में ई-हाजिरी प्रारंभ हो चुकी है।
कलेक्टर ने बताया कि विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से प्रारंभ होने जा रहा है। सभी विभाग समय पर जवाब प्रस्तुत करने हेतु विभागीय नोडल अधिकारी नियुक्त करें। बैठक में नान के जिला अधिकारी ने जानकारी दी कि ग्रेन एटीएम योजना के तहत बिलासपुर जिले को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चयनित किया गया है। इस योजना में हितग्राही एटीएम कार्ड की तर्ज पर कार्ड का उपयोग कर पीडीएस राशन प्राप्त कर सकेंगे। कलेक्टर ने खाद्य अधिकारी को निर्धारित मापदंड के अनुरूप एक राशन दुकान चिन्हांकित करने के निर्देश दिए।
बैठक में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बताया कि यह अभियान 10 फरवरी से 25 फरवरी तक संचालित होगा, जिसमें सभी आयु वर्ग के लोगों को दवा का सेवन कराना अनिवार्य है। अभियान की सफलता के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारी सौंपी गई।
