03 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने साप्ताहिक जनदर्शन में आज दूर-दराज से आए ग्रामीणों एवं शहरी नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने एक-एक कर आवेदकों से मुलाकात कर उनके आवेदन प्राप्त किए तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनदर्शन में लोगों ने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक हित से जुड़े विभिन्न विषयों को लेकर जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
जनदर्शन में नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने भी आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लगभग 150 नागरिकों ने कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

जनदर्शन में बेलतरा तहसील के ग्राम टेकर की श्रीमती चंद्रिका बाई साहू ने विधवा पेंशन की राशि दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि पूर्व में उन्हें पेंशन का लाभ मिल रहा था, किंतु विगत दो वर्षों से पेंशन बंद है। कलेक्टर ने इस मामले में समाज कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम सिंघरी की मालती बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत तीसरी किश्त की राशि नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि दो किश्त की राशि प्राप्त हो चुकी है, परंतु तीसरी किश्त के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं की जा रही है। कलेक्टर ने प्रकरण की जांच हेतु जिला पंचायत सीईओ को निर्देशित किया।

ग्राम तेंदुआ के ग्रामीणों श्री मनहरण कैवर्त, श्री श्यामलाल सहित अन्य ने ग्राम तेंदुआ बासाझाल मार्ग तालाब के रास्ते पर अवैध निर्माण की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि तालाब के रास्ते में श्री सुखराम यादव द्वारा अवैध रूप से घर बनाया जा रहा है, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है। कलेक्टर ने एसडीएम कोटा को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ओमप्रकाश सोनी ने पुल निर्माण के लिए अधिग्रहित पैतृक भूमि के मुआवजे की मांग की, जिस पर कलेक्टर ने प्रकरण को पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को सौंपा।
मदनपुर निवासी बसंती बाई देवार ने घर में आगजनी से हुए आर्थिक नुकसान के लिए सहायता राशि की मांग की। उन्होंने बताया कि आगजनी की घटना में घर का सारा सामान जल गया है। कलेक्टर ने इस प्रकरण को एसडीओ बिलासपुर को सौंपा।
दिव्यांग नागरिक रवि निषाद ने सामाजिक सुरक्षा दिव्यांग पेंशन का लाभ दिलाने की मांग की, जिस पर कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सेलर निवासी राजेश धुरी ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना का लाभ दिलाने हेतु आवेदन दिया। कलेक्टर ने श्रम विभाग के अधिकारी को प्रकरण की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
शहर की श्रीमती शांति परदेशी ने तहसीलदार द्वारा पारित नामांतरण आदेश के बावजूद पटवारी द्वारा बी-1 प्रविष्टि नहीं किए जाने की शिकायत की। कलेक्टर ने इस प्रकरण को एसडीओ बिलासपुर को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
