अपूर्ण आवास समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश,
01 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर……
बिलासपुर
प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण के अंतर्गत जिले में चल रहे आवास निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु दिनांक 28 जनवरी 2026 को जिला पंचायत कार्यालय बिलासपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री संजय कुमार अग्रवाल ने की, जबकि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री संदीप कुमार अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक में योजना अंतर्गत आवास निर्माण की प्रगति, अपूर्ण आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने, पीएम-जनमन आवासों के निर्माण में तेजी लाने, तथा हितग्राहियों को किस्त की राशि समय पर जारी करने जैसे बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर महोदय ने सभी संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक स्तर पर प्रगति सुनिश्चित करने एवं तय समय में लक्ष्यों की पूर्ति के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले में 60,251 आवास स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से अब तक 39,297 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 20,954 आवास प्रगतिरत हैं। इसके बावजूद कुछ जनपद पंचायतों में तकनीकी सहायकों द्वारा आवास निर्माण कार्यों की प्रगति अत्यंत धीमी पाई गई।
पिछले दो माह में न्यून प्रगति के कारण 20 तकनीकी सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इनमें
जनपद पंचायत कोटा के 7 तकनीकी सहायक,
जनपद पंचायत तखतपुर के 7 तकनीकी सहायक,
जनपद पंचायत बिल्हा के 2 तकनीकी सहायक,
जनपद पंचायत मस्तूरी के 4 तकनीकी सहायक शामिल हैं।
कलेक्टर महोदय ने स्पष्ट किया कि आवास निर्माण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और योजनाओं का लाभ समय पर हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस समीक्षा बैठक में जिला पंचायत कार्यालय से जिला आवास टीम, जनपद स्तर से समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, प्रभारी अधिकारी आवास शाखा, तथा विकासखंड समन्वयक उपस्थित रहे।
