01 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर……
बिलासपुर/ताला गांव
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव तीन दिवसीय ताला महोत्सव के दूसरे दिन मनियारी नदी के तट पर स्थित ऐतिहासिक ताला गांव पहुंचे और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ताला गांव की विश्वविख्यात देवरानी-जेठानी मंदिर और रुद्र शिव की अद्वितीय प्रतिमा ने बिलासपुर ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक अलग पहचान दिलाई है। इस ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण एवं विकास के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने की। इस अवसर पर क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री रामकुमार कौशिक, जिला पंचायत सदस्य श्री गोविंद यादव सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने अपने संबोधन में कहा कि बीते दो वर्षों में इस क्षेत्र के विकास हेतु 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 8 महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति मिली है, जो क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ विधायक श्री धरमलाल कौशिक के सतत प्रयासों से क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। शेष सड़कों को भी आगामी तीन वर्षों में स्वीकृति प्रदान कर पूर्ण किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सरकार पूरी गंभीरता से पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना की 24वीं किस्त जारी की जा चुकी है, जिसके अंतर्गत महिलाओं के खातों में ₹1000-₹1000 की राशि जमा की गई है। इससे मेला-मड़ई में महिलाओं की भागीदारी और रौनक में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने कहा कि इस वर्ष ताला महोत्सव में दिन के समय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत की गई है, जो मेला आयोजन समिति की सराहनीय पहल है। इससे महिलाओं की भागीदारी और अधिक बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि रुद्र शिव की प्रतिमा जैसी अद्वितीय मूर्ति विश्व में कहीं और देखने को नहीं मिलती, जिसके शरीर एवं मुख पर विभिन्न जीव-जंतुओं की आकृतियां उकेरी गई हैं। उन्होंने कहा कि ताला क्षेत्र में काफी विकास हुआ है, लेकिन अभी और कार्य किए जाने शेष हैं। उन्होंने लोक निर्माण मंत्री के समक्ष मंदिर तक पहुंच मार्ग एवं सौंदर्यीकरण की मांग भी रखी।
क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी ने जानकारी दी कि राज्य शासन के संस्कृति विभाग द्वारा ताला महोत्सव के आयोजन हेतु ₹5 लाख की सहायता राशि प्रदान की जाती है। साथ ही क्रेडा की ओर से मंदिर परिसर में ₹11 लाख की लागत से दो हाई मास्ट सोलर लाइट स्वीकृत किए जाने की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम श्रीमती आकांक्षा त्रिपाठी एवं तहसीलदार श्री राजेंद्र भारत द्वारा उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में सुनील सोनी के नेतृत्व में लोक कला दलों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और पूरे महोत्सव को रंगारंग बना दिया।
