
“An Evening of Musical Harmony” में संगीत, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम
31 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर….
बिलासपुर
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर परिसर में दिनांक 31 जनवरी 2026 को “An Evening of Musical Harmony” शीर्षक से एक भव्य एवं संगीतमय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF–SECR) बिलासपुर के पाइप एवं ब्रास बैंड द्वारा प्रस्तुत अनुशासित एवं मनोहारी संगीतमय धुनों ने संपूर्ण उच्च न्यायालय परिसर को संगीतमय बना दिया।

कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति राष्ट्रगीत “वंदे मातरम” रही, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। बैंड द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति, पारंपरिक एवं समकालीन संगीत की धुनों ने संगीत, अनुशासन और सांस्कृतिक सौहार्द का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया। बैंड सदस्यों की अनुशासित परेड, उत्कृष्ट तालमेल और संगीतात्मक निपुणता ने दर्शकों की विशेष सराहना प्राप्त की।

इस गरिमामय अवसर पर माननीय श्री रमेश सिन्हा, मुख्य न्यायाधीश, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर ने RPF बैंड की प्रस्तुति की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कलाकारों के अनुशासन, समर्पण एवं संगीतात्मक उत्कृष्टता को सराहा। कार्यक्रम के उपरांत प्रतिभागी बैंड सदस्यों को स्मृति चिह्न एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह संगीतमय संध्या न्यायिक गरिमा के साथ-साथ सांस्कृतिक चेतना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक उल्लेखनीय पहल रही।

कार्यक्रम से पूर्व उच्च न्यायालय परिसर स्थित बुलंद दरवाज़ा एवं उससे संलग्न टैरेस गार्डन के सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण होने के पश्चात उसका लोकार्पण माननीय मुख्य न्यायाधीश श्री रमेश सिन्हा द्वारा किया गया। सौंदर्यीकरण का उद्देश्य उच्च न्यायालय परिसर की गरिमा, ऐतिहासिक महत्व एवं पर्यावरणीय सौंदर्य का संरक्षण एवं संवर्धन करना है। इस अंतर्गत संरचनात्मक सुधार, हरित विकास तथा परिसर को अधिक सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों, पक्षकारों एवं आम नागरिकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के समस्त माननीय न्यायाधीशगण, महाधिवक्ता, डिप्टी सॉलिसिटर जनरल, वरिष्ठ अधिवक्तागण, अतिरिक्त एवं उप महाधिवक्तागण, रजिस्ट्रार जनरल, रजिस्ट्री में पदस्थ समस्त न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारीगण, जिला न्यायप्रशासन के अधिकारीगण तथा अन्य गणमान्य अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
