🚨पूर्व रंजिश में धारदार हथियार से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार
🚨 सिटी कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हथियार जब्त
31 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर……
बिलासपुर/सिटी कोतवाली
थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत घटित एक जघन्य हत्या के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना दिनांक 30 जनवरी 2026 की शाम लगभग 7:30 बजे पचरी घाट डैम के पास घटित हुई, जहाँ पूर्व रंजिश और आपसी विवाद के चलते एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपियों की पहचान विकास तिवारी (28 वर्ष) निवासी शनिचरी बाजार, बिलासा चौक सिटी कोतवाली तथा शैलेंद्र प्रजापति (25 वर्ष) निवासी रामायण चौक, चांटीडीह थाना सरकंडा के रूप में हुई है। घटना के समय आरोपीगण मौके पर पहुँचे और मृतक से गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ने पर उन्होंने जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे मृतक को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपियों एवं मृतक के बीच पहले से विवाद एवं तनाव की स्थिति बनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की संलिप्तता से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार को भी बरामद कर जप्त किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 103(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया है तथा उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की गई है।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की विवेचना गंभीरता से जारी है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है।
