
व्यापार, रोजगार और मनोरंजन का भव्य संगम बना BNI मेला
31 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर…….
बिलासपुर
विगत कुछ वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा BNI व्यापार उद्योग मेला आज बिलासपुर की एक विशिष्ट पहचान बन चुका है। अरपा नदी तट स्थित साइंस कॉलेज मैदान में 30 जनवरी से प्रारंभ यह मेला न केवल व्यापार को नई ऊँचाइयाँ दे रहा है, बल्कि बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रहा है।
इस भव्य मेले में सुई से लेकर मर्सिडीज़ कार तक हर तरह की वस्तुएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं। बिलासपुर ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए छोटे व्यापारियों से लेकर बड़े उद्योगपतियों ने यहाँ अपने-अपने स्टॉल लगाए हैं। छोटी पान दुकान से लेकर बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठान तक, सभी के लिए यह मेला पहली पसंद बन चुका है।

मेले की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि प्रतिदिन लगभग 50 हजार से अधिक लोग यहाँ पहुँच रहे हैं। व्यापार के साथ-साथ मनोरंजन की भी भव्य व्यवस्था की गई है। बच्चों के लिए छोटे झूले, युवाओं के लिए रोमांचक झूले और बड़ों के लिए आकर्षक मनोरंजन साधन मेले की रौनक बढ़ा रहे हैं।
खान-पान के शौकीनों के लिए यह मेला किसी स्वर्ग से कम नहीं है। यहाँ चाइनीज़ फूड, लोकल चाट-पानी पूरी, समोसा, राजस्थानी-गुजराती-पंजाबी व्यंजन, मिठाइयाँ, बनारसी पान, केसर वाला दूध सहित युवाओं की पसंद के आधुनिक फूड स्टॉल भी अलग से लगाए गए हैं। हर वर्ग और हर उम्र को ध्यान में रखकर संपूर्ण व्यवस्था की गई है।

मेले के दूसरे दिन कई गणमान्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। जिनमें कोटा विधायक श्री अटल श्रीवास्तव, तखतपुर विधायक श्री धर्मजीत सिंह, रायपुर से छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री सतीश थौरानी सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रदेश के विभिन्न शहरों से आए व्यापारी और उद्योगपति शामिल रहे। मेला उत्सव समिति द्वारा सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
अतिथियों ने आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए इसे व्यापार और रोजगार को बढ़ावा देने वाला उत्कृष्ट प्रयास बताया। उन्होंने छोटे-बड़े स्टॉलों का भ्रमण कर व्यापारियों और आमजन से संवाद भी किया।

मेले में मशहूर जादूगर के. लाल ने अपने अद्भुत जादू से दर्शकों को हँसाया, चौंकाया और भरपूर मनोरंजन किया। विशेष रूप से युवा वर्ग और महिलाएँ बड़ी संख्या में पहुँचकर खरीदारी का आनंद ले रही हैं। व्यापारियों के चेहरों पर भी संतोष साफ झलक रहा है, क्योंकि व्यवसाय उम्मीद से बेहतर हो रहा है।
आयोजन समिति द्वारा प्रतिदिन विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, उद्योगपतियों और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जा रहा है। साथ ही मनोरंजन के लिए कलाकारों, गीतकारों, संगीतकारों एवं कवियों की प्रस्तुतियाँ भी आयोजित की जा रही हैं।
स्थान:
साइंस कॉलेज मैदान, सरकंडा-सीपत रोड, बिलासपुर
