निर्माणाधीन पुल पर खूनी संघर्ष, युवक की मौत से इलाके में सनसनी
31 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर….
बिलासपुर/सिटी कोतवाली
शहर के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पचरी घाट के पास निर्माणाधीन पुल पर बुधवार शाम लगभग 7:00 बजे आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए विधिवत कार्रवाई शुरू की।
मृतक की पहचान सानू हुसैन (उम्र लगभग 25 वर्ष) निवासी लाइफ केयर हॉस्पिटल, हटरी चौक, जूना बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम हेतु अस्पताल भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना में शामिल मुख्य आरोपी विकास तिवारी एवं अन्य संदेहियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के दौरान यह तथ्य उजागर हुआ कि वर्ष 2021 में मृतक सानू हुसैन द्वारा आरोपी विकास तिवारी पर जानलेवा हमला किया गया था, जिस संबंध में थाना कोतवाली में एफआईआर दर्ज कर चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था, जिसका मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।
बताया जा रहा है कि उक्त प्रकरण में समझौते को लेकर मृतक द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा था, इसी विवाद ने बुधवार शाम हिंसक रूप ले लिया। इसी दौरान आरोपी द्वारा हमला किए जाने से युवक की मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी है। जल्द ही सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
