26 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर…..
छिंदवाड़ा/पांढुर्ना (मध्यप्रदेश)
पांढुर्ना जिले में पुलिस ने गौमांस तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 33 किलोग्राम गौमांस जब्त किया है, जबकि वारदात में प्रयुक्त स्कूटी भी कब्जे में ले ली गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि महाराष्ट्र के वरुड़ क्षेत्र से अवैध रूप से गौमांस लेकर दो महिलाएं पांढुर्ना की ओर आ रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाडेगांव और कलमगांव के बीच घेराबंदी कर दोनों महिलाओं को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस मार्ग पर पहले भी गौमांस तस्करी से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियां सामने आती रही हैं, जिस पर पुलिस पहले भी कार्रवाई कर चुकी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।
