26 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर……
कोरबा
कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत डिंगापुर और रामपुर इलाके में एक मकान में चल रही संदिग्ध गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। बस्तीवासियों की शिकायत के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए 5 महिलाओं और 3 युवकों को संदिग्ध हालत में हिरासत में लिया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग थाना पहुंच गए और कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 36 के पार्षद अजय गोड ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से कुछ युवतियों द्वारा आपत्तिजनक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं, जिससे आसपास के लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई बार विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो चुकी थी और क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आए दिन अलग-अलग युवक-युवतियों का मकान में आना-जाना लगा रहता था, जिससे बच्चों के स्कूल आने-जाने को लेकर भी अभिभावकों में चिंता बनी हुई थी। स्थिति बिगड़ने पर बस्तीवासियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 महिलाओं सहित 3 युवकों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
