✨ सेंट जेवियर्स स्कूल के नवनिर्मित भवन का भव्य उद्घाटन, शिक्षा को मिली नई मजबूती
26 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर……
कोंडागांव/बस्तर
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज कोंडागांव में सेंट जेवियर्स स्कूल के नवनिर्मित भवन का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर वे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को उन्होंने बधाई और शुभकामनाएं दीं।

समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि विद्यालय भवन केवल ईंट-गारे से बना ढांचा नहीं होता, बल्कि यहीं से बच्चों के चरित्र, संस्कार और भविष्य का निर्माण होता है। उन्होंने अपने बचपन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने सीमित संसाधनों वाले विद्यालय में शिक्षा प्राप्त की, जबकि आज बच्चों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय उपलब्ध हैं। यह सकारात्मक परिवर्तन है, जिसका सही उपयोग कर बच्चों को आगे बढ़ना चाहिए।

श्री साव ने कहा कि सेंट जेवियर्स स्कूल समूह देशभर में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए जाना जाता है और शिक्षा जगत में उसकी विशिष्ट पहचान है। नवनिर्मित भवन से कोण्डागांव जिले में शिक्षा को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है। असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, संकल्प और नई ऊर्जा के साथ अध्ययन में जुटने का संदेश दिया और कहा कि निरंतर प्रयास से सफलता अवश्य प्राप्त होती है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने कहा कि सरकार और समाज के संयुक्त प्रयास से ही शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव संभव है। नवनिर्मित विद्यालय भवन से जिले में शिक्षा सुविधाओं का विस्तार होगा और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिलेंगे।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष श्री श्रीनिवास राव मद्दी, नगर निगम जगदलपुर के महापौर श्री संजय पाण्डेय, श्री खेम सिंह देवांगन, पूर्व विधायक श्री सेवकराम नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेण्डी, श्री दीपेश अरोरा, श्री जितेन्द्र सुराना, सेंट जेवियर्स स्कूल समूह के डॉ. जी.एस. पटनायक, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
