विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग, स्पॉट डोनर ब्लड ग्रुप एवं न्यू जनरेशन का संयुक्त आयोजन रहा ऐतिहासिक
27 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर…..
बिलासपुर
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सेवा और मानवता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हुए विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग बिलासपुर, स्पॉट डोनर ब्लड ग्रुप एवं न्यू जनरेशन के संयुक्त तत्वावधान में विशाल रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर 26 जनवरी को न्यू जनरेशन स्टोर, बिलासपुर में प्रातः 11 बजे से सायं 7 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस जनसेवा अभियान में कुल 107 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। शिविर में संग्रहित रक्त का उपयोग जरूरतमंद मरीजों, विशेषकर थैलेसीमिया से पीड़ित रोगियों के उपचार में किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग के क्षेत्रीय प्रमुख विभूति भूषण पांडे, विभाग मंत्री राजीव शर्मा, प्रांत सह सेवा प्रमुख मनीष मोटवानी सहित अनेक पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। दीप प्रज्वलन में संदीप गुप्ता, विंकू भाटिया, अभिषेक गौतम, जिला सेवा प्रमुख नीरज जग्यासी, विवेक पंजवानी, बंटी मनोहर वाधवानी, नवनीत नामदेव, न्यू जनरेशन से विशाल मनकानी, जय चंदानी तथा स्पॉट डोनर ब्लड ग्रुप के अविनाश मोटवानी, अध्यक्ष मनीष मेहरचंदानी सहित टीम के सदस्यों की गरिमामयी सहभागिता रही।

कार्यक्रम का मंच संचालन विश्व हिंदू परिषद जिला सेवा प्रमुख नीरज जग्यासी एवं न्यू जनरेशन के जय चंदानी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों एवं संगठनों के प्रतिनिधियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताया और आयोजकों को शुभकामनाएँ दीं।

इस सफल आयोजन में विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग बिलासपुर, स्पॉट डोनर ब्लड ग्रुप एवं न्यू जनरेशन के सभी कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा, जिसके परिणामस्वरूप यह सेवा अभियान सुव्यवस्थित, प्रेरणादायी और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
